Total Pageviews

Friday, November 13, 2026

दुनिया का नौवां संग्रहालय, पता मटन महल

Originally published on Deshkaal on 4 November 2026.

एक छोटी जर्मन वेबसाइट ने बिहार म्यूज़ियम को लूव्र और मेट से आगे नौवां स्थान दिया और उसका पता मटन महल बता दिया; मनोज नाथ इसे दो आमने-सामने शीशों का खेल कहते हैं।

एक कम-मशहूर जर्मन वेबसाइट, वर्थ अ जर्नी, ने बिहार म्यूज़ियम को दुनिया के सबसे अच्छे संग्रहालयों में नौवां स्थान दिया है, पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट से आगे। ख़ास बात यह है कि इसने ऐसा पहली बार किया है। इसकी साख की ज़रा जांच-पड़ताल कीजिए तो पता चलता है कि इसके प्रकाशक याकोब श्विश्टेनबर्ग ने दुनिया की सबसे अच्छी बेकरियों, कबाब की दुकानों और तरह-तरह के दूसरे आकर्षणों की सूची बनाने का बीड़ा भी उठा रखा है। ये दर्जे लाखों पर्यटकों के रिव्यू के विश्लेषण पर टिके हैं, जिसमें एल्गोरिदम और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस की मदद ली गयी है, और ऊपर से मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया गया है। ये दौरे ज़रूर गुप्त और चोरी-छिपे रहे होंगे, क्योंकि उन्होंने कोई निशान नहीं छोड़ा।

बहरहाल, भारतीय अख़बारों ने इस शानदार उपलब्धि की ख़बर वफ़ादारी से छापी, संग्रहालय जगत ने इस अंतरराष्ट्रीय पहचान का जश्न मनाया, और उस जश्न को संग्रहालय की महिमा की एक और पुष्टि मान लिया गया। यह ठीक दो आमने-सामने रखे शीशों के बीच छवियों के उस अंतहीन सिलसिले जैसा है, जिसमें हर प्रतिबिंब अगले को साख देता है, और असली स्रोत दूर कहीं गुम हो जाता है। किसी को यह पूछने की सूझती ही नहीं कि पहला शीशा किसके हाथ में है।

संग्रहालयों और मटन कबाबों को दर्जा देने के अपने उत्साह में वेबसाइट कहीं मटन और म्यूज़ियम के मामले में ही उलझ गयी लगती है। वह नौवें नंबर के बिहार म्यूज़ियम को बेली रोड पर मटन महल में बताती है, न्यू बिहार म्यूज़ियम, किदवाई पुरी के सामने। एक पहेली, जो रहस्य में लिपटी है! बेली रोड पटना की मुख्य सड़कों में से एक है, जो डाक बंगला रोड से सगुना मोड़ की तरफ़ क़रीब पंद्रह से अठारह किलोमीटर चलती है। दूसरी तरफ़ किदवाई पुरी एक आवासीय कॉलोनी है, जहां इनकम टैक्स गोलचक्कर के पास मुख्य सड़क से मुड़कर पहुंचा जाता है। तो हमारे जर्मन मेहरबान ने असल में किस संग्रहालय को दर्जा दिया है? उसको जो मटन महल में है, या उसको जो उसके सामने न्यू बिहार म्यूज़ियम है?

ट्रैवल गाइड होता तो इसलिए है कि वह सैलानियों को उनकी मंज़िल तक पहुंचाए। लेकिन भटका हुआ पर्यटक यहां कुछ तसल्ली पा सकता है। बिहार चंपारण के मटन के लिए बरसों से मशहूर है, और पटना में इस लाजवाब चीज़ की दुकानें भरी पड़ी हैं। जो सैलानी दुनिया के नौवें सबसे अच्छे संग्रहालय की तलाश में निकलेगा, वह बिहार की खाने-पीने की एक बेहतरीन परंपरा की खोज कर लेगा। हो सकता है कि वह संग्रहालय पूरा छूट जाए, पर यात्रा बेकार नहीं जाएगी। आख़िर जर्मन मेहरबान की वेबसाइट का नाम बड़े मौज़ूं तरीक़े से ‘वर्थ अ जर्नी’ यानी ‘एक यात्रा के लायक़’ ही है।

मेरा काम तोहफ़े में मिले घोड़े के दांत गिनना नहीं है। मुझे इस बात की ख़ुशी है कि यह ख़बर इससे बेहतर मौके पर नहीं आ सकती थी, जब बिहार एक शाही गड़बड़ में डूबा है, राज्य के दसियों हज़ार कर्मचारी वेतन न मिलने का ख़तरा झेल रहे हैं, और बिहार सरकार के लिए सार्वजनिक काम कर चुके ठेकेदार अपने बिलों के भुगतान की मांग लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। वेतन देर से आएं, पर दुनिया की रैंकिंग वक़्त पर आ गयी।

No comments: