Total Pageviews

Tuesday, November 24, 2026

तुम कब आओगे, भगीरथ?


Disclaimer
यह एक व्यंग्य है। मेरा इरादा किसी जीवित, मृत, अंधभक्त, अर्धभक्त, वामपंथी, दक्षिणपंथी, मध्यमार्गी, नर, नाग, सुर, असुर, गन्धर्व, किन्नर, यक्ष, यहूदी, हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बुद्धिजीवी, बाहुबली, फेमिनिस्ट, अल्पसंख्यक, बहुसंख्यक, किसी जाति या धर्मावलम्बी, Belonging:A Journey of Love के प्रशंसक या निंदक अथवा LGBTQ समुदाय की भावनाओं को आहत करना नहीं है।
कभी-कभी अनायास मेरा तीसरा नेत्र खुल जाता है तो मुझे चीज़ें दूसरे ढंग से दिखाई देने लगती हैं। उन्हीं क्षणों की एक रपट।
परम आदरणीय, प्रातःस्मरणीय जी आए। उन्होंने गमछा हिलाया और बिहारियों का दिल जीत लिया। वैसे दिल चीज़ क्या है एक बिहारी के लिए! वह अगर जान माँगते तो बिहारी सहर्ष अपनी जान भी दे देता। हर रोज़ भारत के हर कोने में प्रवासी बिहारी किसी न किसी कारण मरता ही रहता है। बाकी अपने घर में तो जीने के अगर एकाध बहाने हैं तो मरने के सौ से भी अधिक। कभी पुलिस की गोली से तो कभी अपराधी की गोली से। फिर सोनम की बेवफ़ाई तो है ही। और कुछ नहीं तो गंगा किनारे रील बनाते-बनाते गंगा लाभ प्राप्त करने की सम्भावना भी सतत बनी रहती है।
वो आए, हमारे लोकप्रिय नेता के नाम पर इस विशाल सेतु का नामकरण किया। हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो गया।
बहरहाल, इस सेतु के नामकरण के साथ लगे हाथ तीन-तीन बार गिरने और हर बार फिर उठ खड़े होने का हौसला रखने वाले ऐतिहासिक अगुआनी पुल का भी कुछ नाम तो रख देते। 'हम होंगे कामयाब एक दिन' वाले जज़्बे को सलाम तो करना ही चाहिए।
हर पुल का एक नाम होता है, लेकिन गिरे हुए पुलों का न तो कोई नाम होता है, न ही नामलेवा। कोई इस अभागे, करमजले को अपना नाम नहीं देगा।
कुपोषित माताओं की संतानें जन्मजात विकृतियों और दुर्बलताओं के साथ पैदा होती हैं। हो सकता है हमारे अगुआनी पुल को भी गर्भावस्था में पर्याप्त पोषण न मिला हो। एस्टीमेट में या कॉस्ट एस्केलेशन क्लॉज़ में कुछ कमी रह गई होगी। आखिर विकास की कोख में पल रहे हर शिशु के हिस्से में समुचित पोषण कहाँ आता है? लेकिन माँ-बाप ऐसी संतानों को भी बड़े लाड़-प्यार से पालते हैं। तरह-तरह के नाम रखते हैं ताकि उनकी जन्मजात कमियों की कुटिल सच्चाई को छिपाया जा सके। यह पुल बिहार के सर्वांगीण विकास की नाजायज़ संतान तो नहीं कि कोई इसे अपनाने को तैयार नहीं?
आज तो लोग अपनी विवाहेतर संतानों को भी स्वीकार करने लगे हैं। राजनीति के एक कीर्तिस्तम्भ, जिन्होंने राज्यपाल रहते हुए भी राजभवन को रतिक्रीड़ा स्थल बनाया था, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में जगह दे, अंततः उन्होंने सत्तासी वर्ष की आयु में ऐसे ही समागम से उत्पन्न अपने प्रौढ़ पुत्र को स्वीकार कर दुलराया था। लेकिन इस बेचारे पुल का दुर्भाग्य देखिए। इसके निर्माण में कितने ही लोगों का योगदान रहा होगा। कितनों ने इसकी योजनाएँ बनाईं, कितनों ने स्वीकृतियाँ दीं, कितनों ने निरीक्षण किया, कितनों ने भुगतान किया। लेकिन इसके पितृत्व का दावा करने वाला एक भी नहीं।
बात निकल ही चली है तो एक और अभागे, दिग्भ्रमित, पथभ्रष्ट पुल के उद्धार का समय भी आ गया है, कुछ उसी तरह जैसे श्रीराम ने अपने चरणों के स्पर्श से अहिल्या का उद्धार किया था।
यह भी उसी प्रदीप्त विकास पथ का पथिक था, परन्तु दृष्टिबाधित होने के कारण भटक गया और अब अपने आपको खेतों के बीच अकेला खड़ा पा रहा है। न आगे जाने का रास्ता, न पीछे लौटने का। न इस पार नदी, न उस पार कोई घाट। विकास के किन्हीं मादक एवं उन्मादपूर्ण क्षणों में इसकी नींव पड़ी होगी, पर आज यह मौन तपस्यारत यति की तरह बीच बियाबान में खड़ा किसी समुद्धारक की प्रतीक्षा कर रहा है।
भगीरथ ने अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए गंगा को स्वर्ग से पृथ्वी पर उतारा था। इस पुल के दोनों ओर भी कोई भगीरथ गंगा बहा दे तो सगर के साठ हज़ार पुत्रों की तरह इसका भी उद्धार हो जाएगा। यकीन मानिए, यह कोई अव्यावहारिक बात नहीं है। बिहार में गंगा का जल सैकड़ों किलोमीटर दूर राजगीर, गया, बोधगया और नवादा तक पहुँचाया जा रहा है। फल्गु में भी कृत्रिम उपायों से जल की व्यवस्था की गई है। नदियों और उनके जल की होम डिलीवरी का युग आ गया है। जब गंगा लोगों के घरों तक पहुँच सकती है तो एक अभागे पुल के दोनों ओर क्यों नहीं?
पुल को अपनी सार्थकता मिल जाएगी। गंगा को एक नया मार्ग मिल जाएगा। और सबसे बढ़कर, हमारे गरीब ठेकेदार भाइयों को पुल के दोनों ओर नए-नए स्पैन बनाने का अवसर मिलेगा। वे भी ईमानदारी से अपने बाल-बच्चों का पेट पाल सकेंगे। साथ ही उन यायावर आईएएस अधिकारियों की पत्नियों और बाल-बच्चों के विदेश भ्रमण की लालसा भी पूर्ण हो सकेगी। अधीनस्थों को भी तन और आत्मा का संबंध बनाए रखने के लिए कुछ रोटी-दाल का जुगाड़ हो जाएगा। एक पुल के उद्धार से पूरे इकोसिस्टम का कल्याण हो जाएगा। राजनेता, ठेकेदार, इंजीनियर, अधिकारी, सबके जीवन में फिर से आशा का संचार होगा। आखिर विकास का अर्थ ही क्या है, यदि उसका लाभ समाज के इन वर्गों तक न पहुँचे?
हाँ, एक और पुल है जो अब हमारे बीच नहीं रहा। एक दिन कुछ लोग अपने साथ मशीनें, गैस कटर और मजदूर लाए और उसे क्षत-विक्षत कर उसके शरीर के अवयव, अस्थि-मज्जा तक उठा ले गए। दधीचि की तरह वह निर्विकार भाव से खड़ा रहा।
बिहार की जनता उस दिवंगत पुल की स्मृति में एक भव्य समाधि की माँग करती है। आखिर जिस पुल को बिना निविदा के उठा ले जाया गया, कम से कम उसकी समाधि के निर्माण के लिए तो एक उदार निविदा आमंत्रित होनी ही चाहिए।
समाधि के रूप में बस एक संगमरमर का शिलापट्ट।
एक पुल जो हुआ करता था।
1972–2022
हर रोज़ किसी न किसी राजनेता के नाम पर पुलों और स्मारकों के नामकरण को लेकर किचकिच होती रहती है। लेकिन कोई जीवित राजनेता इन अभागे पुलों को अपना नाम देने से रहा।
क्यों न इनका नाम उन महान स्वर्गीय विभूतियों के नाम पर रख दिया जाए जिन्होंने आधुनिक बिहार के निर्माण का सपना देखा था? डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा, सर गणेश दत्त, मौलाना मजहरुल हक और उनके जैसे अनेक महापुरुष, जिनके संघर्ष से बिहार की उत्पत्ति हुई। दिल के सीधे-सादे उन लोगों ने बिहार के लिए बहुत कुछ दान कर दिया, लेकिन उनका स्वप्न मुंगेरीलाल के हसीन सपनों से ज़्यादा कुछ नहीं साबित हुआ।
बिहार नाम की इस असफल परियोजना के जन्मदाताओं के लिए इससे अधिक उपयुक्त विकलांग श्रद्धांजलि और क्या हो सकती है? नामकरण की समस्या भी हमेशा के लिए सुलझ जाएगी।
मरे हुए लोग भला क्या प्रतिवाद करेंगे?

No comments: